यूपी विधानसभा के गलियारों में गूंजी हरदोई की आवाज़, युवा संसद में अजयेंद्र ने बढ़ाया हरदोई का गौरव
हरदोई: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) अभियान के अंतर्गत आयोजित 'राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026' का भव्य आयोजन उत्तर प्रदेश विधानसभा (Vidhan Sabha) के ऐतिहासिक सदन में संपन्न हुआ।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 75 जिलों से चयनित होकर आए कुल 375 युवा प्रतिनिधियों (प्रति जनपद 5 विजेता) ने प्रतिभाग किया।
इस प्रतिष्ठित मंच पर जनपद हरदोई का प्रतिनिधित्व करते हुए अजयेंद्र सिंह आज़ाद ने 'केन्द्रीय बजट 2026' जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपना प्रखर वक्तव्य प्रस्तुत किया। विधानसभा के सदन में अपनी तार्किक बातों और आत्मविश्वास से अजयेंद्र ने न केवल निर्णायकों को प्रभावित किया, बल्कि पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित किया।
अजयेंद्र सिंह आज़ाद ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता, हरदोई की जानी-मानी नेत्री एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा देवी जी को दिया है। अजयेंद्र का कहना है कि उन्हें जनता की आवाज़ बनने और समाज सेवा की प्रेरणा अपनी माता जी से ही मिलती है, जो लंबे समय से क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय हैं।
विधानसभा के इस विशेष सत्र में युवाओं ने 'विकसित भारत @2047' के विजन पर भी अपने विचार साझा किए। अजयेंद्र की इस उपलब्धि पर जनपद के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक और सामाजिक भविष्य की कामना की है।
Comments
Post a Comment